महिला से मारपीट के मामले में थाना प्रभारी और सिपाही निलंबित

 


लातेहार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के मेलम गांव निवासी महिला के साथ मारपीट के मामले में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने कार्रवाई करते हुए बरियातू थाना प्रभारी और एक सिपाही को निलंबित कर दिया है। जांच में पुलिस कर्मियों की ओर से छापेमारी की प्रक्रिया के दौरान कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं करने की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, मेलम गांव निवासी मुनिया देवी ने आरोप लगाया था कि छह अक्तूबर को वह बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान सादे कपड़ों में बरियातू थाना क्षेत्र के कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उन्हें अफीम तस्करी का आरोप लगाकर मारपीट करने लगे। महिला के अनुसार, जब उन्होंने और मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर थाने ले गए। वहां भी उनके साथ मारपीट की गई। महिला ने पुलिसकर्मियों पर अन्य आरोप भी लगाए हैं।

घटना के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण लातेहार स्थित एसपी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के आवेदन पर एसपी ने मामले की त्वरित जांच का आश्वासन दिया था। इसके बाद उन्होंने जांच के लिए एक टीम गठित की। जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद बरियातू थाना प्रभारी प्रभात दास और एक सिपाही मनीष कुमार को निलंबित कर दिया गया।

मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इसका संज्ञान लिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से लातेहार पुलिस को टैग कर मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जांच प्रक्रिया तेज हुई। इसके बाद एसपी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार