निबंधन कार्यों में लाएं तेजी से पारदर्शिता : आयुक्त

 


लातेहार, 13 अप्रैल (हि.स.)। पलामू प्रमंडल की आयुक्त कुमुद सहाय ने सोमवार को लातेहार अवर निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने कार्यालय में उपलब्ध मानव संसाधन की समीक्षा की। उन्होंने निबंधन कार्यालय में कर्मियों की कमी को देखते हुए अवर निबंधन को रिक्त पदों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इस दौरान उन्होंने आगत-निर्गत पंजी, फी बुक, दस्तावेज निबंधन रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच करते हुए अवर निबंधन पदाधिकारी को सभी रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। निबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 12 रजिस्ट्री ही हो रही है। इस पर आयुक्त ने संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने ऑनलाइन निबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने, दस्तावेज सत्यापन एवं भुगतान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी करने तथा आम नागरिकों को अनावश्यक विलंब से बचाने का निर्देश दिया।

साथ ही भूमि संबंधी अभिलेखों के सत्यापन में विशेष सतर्कता बरतने, फर्जीवाड़ा रोकने और प्रतिबंधित भूमि के निबंधन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिया। आयुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड रूम के सुव्यवस्थित रख-रखाव, अभिलेखों के डिजिटलीकरण और आगंतुकों के लिए बैठने, पेयजल एवं मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

इसके पूर्व स्थानीय परिसदन में उपायुक्त और अन्य पदाधिकारियों ने आयुक्त का स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार