पायलट विवेक विकाश भगत के निधन से मातम, इकलौते पुत्र थे विवेक

 


लातेहार, 24 फ़रवरी (हि.स.)। लातेहार। चतरा और लातेहार जिले के सीमा पर स्थित सिमरिया थाना क्षेत्र के जंगल में सोमवार की रात हुई विमान हादसे का शिकार हुआ पायलट विवेक विकाश भगत लातेहार सदर प्रखंड के लूटी गांव का रहने वाला था।

मृतक पायलट विवेक विकाश भगत के पिता देव सहाय भगत वर्तमान समय में ग्रामीण कार्य विभाग चतरा में कार्यपालक अभियंता के रूप में कार्यरत हैं। विवेक की मौत की खबर सुनने के बाद पूरे लातेहार में मातम का माहौल बन गया है।

सदर प्रखंड के आरागुंडी पंचायत के मुखिया रवि भगत, लातेहार जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव सहित ने बताया कि विवेक भगत ऊंचे पद पर पहुंचने के बावजूद जमीन से हमेशा जुड़ा हुआ रहता था। विवेक बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखता था। अपने कठिन परिश्रम और मेहनत के बल पर उसने अपने सपने को पूरा भी कर लिया था। परिवार के लोग अब उसके विवाह के बारे में बात भी करने लगे थे। पिता देव सहाय भगत चाहते थे कि अपने पायलट बेटे का विवाह धूमधाम से करें। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सोमवार की काली रात ने विवेक को सभी से छीन लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार