अंचल कार्यालय के सहयोग से दूर होगी जमीन संबंधी समस्या : सीओ
रामगढ़, 12 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर शुक्रवार को जिले में थाना दिवस मनाया गया। रामगढ़ थाना परिसर में अंचल अधिकारी रमेश रविदास, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, अंचल निरीक्षक अजय कुमार और अन्य पुलिस पदाधिकारी जनता से मिले। रामगढ़ थाने में मात्र दो आवेदन थाना दिवस के मौके पर प्रस्तुत किया गया था। दोनों मामले जमीन से संबंधित थे। दोनों ही मामलों में दोनों पक्षकारों को बुलाकर समझौता करने का प्रयास किया गया। साथ ही उनकी समस्या हल करने की बात भी कही गई। दोनों पक्षकारों की रजामंदी नहीं होने के बाद उचित जांच पड़ताल के बाद समस्या का निदान करने की बात कही गई।
मौके पर अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने कहा कि कई ऐसे मामले थाने में आते हैं, जिसका निदान पुलिस अपने स्तर से नहीं कर सकती है। वैसे मामलों का निष्पादन थाना दिवस के दिन किया जाएगा। थाना दिवस में अंचल के कर्मचारी और पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जिससे समस्या का आसानी से हल निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे जमीन के मामले हैं जिस पर पुलिस सिर्फ अपने स्तर से कार्रवाई नहीं कर सकती। उन मामलों में अंचल कार्यालय का सहयोग बेहद जरूरी है। कुछ मामले ऐसे हैं जो परिवार और अन्य मुद्दों से जुड़े होते हैं। लेकिन उसे जमीन से जोड़कर बेवजह विवाद पैदा किया जाता है। वैसे मामलों का निपटारा भी दोनों पक्षों की मौजूदगी में करने का उद्देश्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश