साईं मंदिर के समीप जमीन की मापी, कैसरे हिंद जमीन से बल्ली हटाने का निर्देश
रामगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। शहर के झंडा चौक पर स्थित साईं मंदिर के समीप की जमीन की मापी हुई। शनिवार को अंचल अधिकारी रमेश रविदास के निर्देश पर अंचल निरीक्षक, अमीन और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को यह शिकायत मिली थी कि कैसरे हिंद जमीन पर अवैध कब्जे की तैयारी चल रही है। उसी जमीन पर बांस बल्ली गाड़कर हरे पर्दे लगा दिए गए हैं। मौके पर पहुंचे अंचल निरीक्षक अजय कुमार और कर्मचारी दीपक कुमार ने काम कर रहे लोगों से बात की। साथ ही कैसरे हिंद जमीन पर काम नहीं करने का निर्देश दिया।
जमीन पर काम कर रहे लोगों ने अपनी रैयती जमीन होने का हवाला दिया, तो अंचल निरीक्षक, कर्मचारी और अमीन के द्वारा जमीन की माफी भी कराई गई। मुख्य मार्ग से साईं मंदिर की तरफ अंदर तक कैसरे हिंद जमीन की पुष्टि हुई। जमीन से 100 फीट अंदर तक कैसरे हिंद जमीन मापकर निकाली गई। जांच अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थान पर 100 फीट और कुछ स्थान पर उससे कम कैसरे हिंद जमीन नापी गई है। जिसका डिमार्केशन कर रैयतों को जानकारी दी गई है। साथ ही सरकारी जमीन पर लगाए गए बल्ली और पर्दे को हटाकर रैयती जमीन पर लगाने का निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश