नर्सिंग कॉलेज में लैंप लाइटिंग-ओथ टेकिंग समारोह आयोजित

 


गुमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। गुमला स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज में गुरूवार को लैंप लाइटिंग और ओथ टेकिंग समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महतो और सिविल सर्जन शंभूनाथ चौधरी ने कार्यक्रम का उद्धाटन किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपायुक्त ने कहा कि नर्सिंग पेशा सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को निष्ठा एवं मानवीय मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल कौशल विकास का केंद्र है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम भी है।

कॉलेज प्रबंधन की ओर से बताया गया कि संस्थान की स्थापना राज्य सरकार के प्रयासों से की गई थी, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार से जोड़ना है।

विगत वर्षों में यहां से प्रशिक्षित लगभग 500 छात्राओं को रोजगार प्राप्त हुआ है, जबकि कुछ छात्राओं का चयन विदेशों में भी हुआ है। कॉलेज में नर्सिंग प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता एवं जीवन कौशल से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

मौके पर कार्यक्रम में संबंधित पदाधिकारी, संस्थान के प्रतिनिधि और छात्राएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar