सूने घर में लाखों की चोरी, जेवरात सहित कीमती सामान ले उड़े चोर
बोकारो, 15 जून (हि.स.)। चीरा चास थाना क्षेत्र के गांधाजोड़ा में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब गृहस्वामी लगभग तीन माह से इलाज के लिए वेल्लोर में रह रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गांधाजोड़ा निवासी लगभग 60 वर्षीय विजय कुमार मिश्रा पिछले तीन महीने से वेल्लोर में इलाज करा रहे हैं। घर के खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने 14 जून की रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना का खुलासा सोमवार को तब हुआ, जब विजय कुमार मिश्रा के बड़े भाई शिव नारायण मिश्रा उनके घर के पास पहुंचे। उन्होंने मुख्य दरवाजा खुला देखा। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। इसके बाद उन्होंने तत्काल विजय कुमार मिश्रा को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर चीरा चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पाया कि घर की अलमारियां और लॉकर खुले हुए थे। चोर टीवी, इंडक्शन चूल्हा, इनवर्टर, कपड़े सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घर में रखे बक्से खुले पड़े थे और सामान अस्त-व्यस्त था।
शिव नारायण मिश्रा ने बताया कि उनके छोटे भाई के अनुसार उनकी पत्नी और बहू के जेवरात भी चोरी हो गए हैं। हालांकि चोरी हुए जेवरों और नकदी की वास्तविक कीमत का आकलन अभी नहीं हो सका है। परिवार की बेटी और दामाद के आने के बाद ही चोरी गए सामानों का पूरा ब्योरा सामने आ पाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार