लेडीज़ सर्कल ने आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल का किया कायाकल्प

 


रांची, 24 मार्च (हि.स.)। रांची में सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए राउंड टेबल इंडिया की वुमन्स विंग लेडीज़ सर्कल इंडिया के विभिन्न सिटी चैप्टर्स ने नामकुम स्थित पांचा के आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल का कायाकल्प कर उसका पुनः उद्घाटन किया।

इस कार्य को रांची समैरिटन लेडीज सर्कल 169, रांची एंकोरेज लेडीज सर्कल तथा रांची यूटोपियन लेडीज सर्कल ने मिलकर पूरा किया। कार्यक्रम की जानकारी सिटी चैप्टर के प्रचार-प्रसार समन्वयक पौरुष जैन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

कार्यक्रम का उद्घाटन सिटी चैप्टर की चेयरपर्सन शिखा खोसला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राउंड टेबल इंडिया और लेडीज सर्कल इंडिया के माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार सामुदायिक विकास कार्य किए जा रहे हैं। संस्था पीड़ित मानवता की सेवा को अपना कर्तव्य मानती है और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा हटिया क्षेत्र के हजाम बस्ती में पारसनाथ पब्लिक स्कूल की स्थापना भी कराई गई है, जिससे वंचित बच्चों को शिक्षा का अवसर मिल रहा है।

इस पहल के तहत “आशियाना” प्रोजेक्ट के माध्यम से आंगनवाड़ी स्कूल का पूर्ण रूप से पुनर्निर्माण किया गया। इसमें भवन की रंगाई-पुताई, इलेक्ट्रिकल फिटिंग, आवश्यक मरम्मत कार्यों के साथ-साथ बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया गया।

इसके अलावा बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई और स्कूल में किचन की सुविधा भी विकसित की गई, जिससे बच्चों को पोषण संबंधी सुविधाएं बेहतर तरीके से मिल सकें।

इस अवसर पर रिंकी जैन, जसलीन छाबड़ा, खुशबू सिंघानिया, स्नेहा जैन, वर्तिका राजगढ़िया, हर्षा बच्चन, खुशबू जैन, स्नेहा बजाज, श्रेया आडुकिया, शीशम सभरवाल और नेहा गोयल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar