आरएसएस के पूर्व जिला संघचालक और लाह उद्योग के पितामह रोशन लाल शर्मा का निधन

 


खूंटी, 28 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाह कारोबार को नई पहचान दिलाने वाले और लाह उद्योग के भीष्म पितामह के रूप में विख्यात वरिष्ठ उद्योगपति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व जिला संघचालक रोशन लाल शर्मा का मंगलवार को निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। दो दिन पूर्व ही 26 जुलाई को उन्होंने परिवार के साथ अपना 91 वां जन्मदिन मनाया था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें खूंटी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बुधवार काे किया जाएगा।

रोशन लाल शर्मा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे लाह उद्योगपति होने के साथ सामाजिक कार्यकर्ता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व जिला संघचालक भी रहे। उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत मुरहू स्थित अच्छू राम लाह फैक्ट्री में नौकरी से की थी। बाद में अपनी मेहनत और दूरदर्शिता के बल पर तजना लाह फैक्ट्री की स्थापना की और लाह कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। उनके उत्पादों का निर्यात दुनिया के कई देशों में होता था, जिससे खूंटी को वैश्विक लाह बाजार में विशेष पहचान मिली।

वह उद्योग के साथ-साथ वे समाजसेवा में भी सक्रिय रहे। गरीबों की सहायता, किसानों को आर्थिक सहयोग, ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और प्राकृतिक वन उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश देना उनके जीवन का उद्देश्य रहा। वर्ष 2021 में बिरबांकी में उन्होंने ग्रामीणों को कटहल चिप्स, मैंगो जूस, लाह, इमली, लेमनग्रास, महुआ, चिरौंजी और करंज जैसे उत्पादों के व्यापारिक महत्व की जानकारी देकर स्थानीय संसाधनों से रोजगार सृजन का मार्ग दिखाया था।

बिरहोर समुदाय के कुपोषण की जानकारी मिलने पर वे स्वयं तेलंगाडीह बिरहोर कॉलोनी पहुंचे और काजू, किशमिश, अखरोट सहित दो माह का पोषण आहार उपलब्ध कराया था। उनके इस प्रयास से बिरहोर परिवारों के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार देखा गया। रोशन लाल शर्मा खूंटी के विकास को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे। लगभग 11 वर्ष पूर्व उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव को खूंटी आमंत्रित कर यहां आचार्यकुलम की स्थापना का आग्रह भी किया था। उन्होंने अपने जीवन में करीब 100 देशों की यात्रा की, लेकिन हमेशा कहा करते थे कि खूंटी की वादियां स्वीट्जरलैंड से कम नहीं हैं।

उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, भाजपा के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, निखिल कंडुलना, शशि कुमार पांडेय सहित कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से खूंटी ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के लाह उद्योग और व्यापार जगत में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा