निर्माणाधीन भवन में करंट लगने से मजदूर की मौत
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित इमली चौक के पास शनिवार को निर्माणाधीन भवन में काम करने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। मकान मालिक की ओर से मुआवजे के आश्वासन और सरकारी प्रावधान के तहत सहायता की बात पर सहमति बनने के बाद जाम हटा लिया गया।
मृतक मजदूर की पहचान श्रीराम लोहरा के रूप में हुई है। बताया गया कि भवन में छत की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। लोगों का आरोप था कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण हादसा हुआ।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। जाम के कारण इमली चौक और आसपास के इलाके में यातायात प्रभावित रहा।
अरगोड़ा थाना प्रभारी सुनील गोराई ने बताया कि मकान मालिक और मृतक के आश्रितों के साथ बातचीत की गई। मकान मालिक ने परिजनों को मुआवजा देने पर सहमति जताई है। इसके अलावा सरकारी प्रावधानों के तहत भी पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुआवजे को लेकर सहमति बनने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए और सड़क जाम हटा लिया गया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे