नगर निगम मजदूराें का 21 मई का प्रस्तावित हड़ताल स्थगित

 


रांची, 20 मई (हि.स.)।

रांची नगर निगम कर्मियों की 21 मई 2026 को प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने बुधवार काे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्होंने जारी विज्ञप्ति में बताया कि श्रम विभाग के पत्र और जारी वार्ता के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। यूनियन के अनुसार निगम प्रबंधन के साथ कई मुद्दों पर सहमति बनी है, जिसे लागू करने के लिए समय दिया गया है। इसमें सफाई कर्मियों को प्रतिमाह 200 रुपये धुलाई भत्ता, तीन माह के महंगाई भत्ते (डीए) के बकाया भुगतान और महिला कर्मियों को 26 सप्ताह के मातृत्व अवकाश का लाभ शामिल है। यूनियन ने बताया कि अप्रैल से जून 2025 तक के डीए बकाया की राशि निगम प्रबंधन की ओर से कर्मियों के खातों में भेज दी गई है।

यूनियन ने कहा कि बोनस, स्थायीकरण और न्यूनतम वेतन 18 हजार से बढ़ाकर 26 हजार रुपये करने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो अगले 15 दिनों में आगे की आंदोलनात्मक रणनीति घोषित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar