कुर्मी महासभा ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

 


समाज के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करना एक सराहनीय कदम : जयराम महतो

देवघर, 07 जून (हि.स.)। जिला कुर्मी महासभा की ओर से रविवार को एक सभा भवन के सभागार में देवघर जिला कुर्मी महासभा की ओर से 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। इस समारोह में शैक्षणिक सत्र में 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह विधायक जयराम महतो, बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर राउत, देवघर के महापौर रवि राउत और वरिष्ठ नेता पवन कुमार रवानी मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस दौरान कुर्मी समाज के सैकड़ों प्रबुद्ध लोग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जयराम महतो ने सफल छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाज के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करना एक सराहनीय कदम है। 10वीं और 12वीं की परीक्षा किसी भी छात्र के लिए आखिरी पड़ाव नहीं है। इसके आगे एक बहुत बड़ी दुनिया है,जहां उन्हें अपनी प्रतिभा के दम पर लंबा सफर तय करना है। युवाओं को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ना होगा।

चुनाव की सरगर्मी पर बात करते हुए जयराम महतो ने कहा कि हमारी पार्टी के पास भी एक वोट है। हालांकि, इस पर बड़ा निर्णय बड़ी पार्टियों को लेना है। हम सभी पक्षों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ही अपना रुख स्पष्ट करेंगे। सड़क पर उतरे आंदोलनकारी युवाओं के सवाल पर उन्होंने तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि देश की मौजूदा व्यवस्था आम आदमी के लिए काम नहीं कर रही है। पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, यही वजह है कि आज सूबे का छात्र और युवा सड़कों पर उतरने को विवश है।

कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने कुर्मी महासभा के इस प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के भीतर का संकोच दूर होता है और यह उनके लिए प्रेरणा बनकर भविष्य का एक उचित मार्ग तय करेगा।

वहीं देवघर के महापौर रवि राउत ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और मनोबल बढ़ाया। इस गरिमामयी समारोह को सफल बनाने में पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र महतो, दीपक रवानी, पवन चंद्रवंशी, मृत्युंजय राउत सहित समाज के दर्जनों पदाधिकारी, शिक्षाविद और सैकड़ों की संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy