पुलिस आम लोगों के साथ बनाए बेहतर संबंध : एसडीपीओ
रामगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सडीपीओ) आलोक रंजन ने मंगलवार को कुजू ओपी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की पूरी जानकारी हासिल की।
साथ ही उन्होंने कहा कि आम लोगों के साथ पुलिस का संबंध बेहतर होगा, तभी पुलिस की छवि भी साफ सुथरी बनेगी। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग बेहद जरूरी है। थाना में आने वाले लोगों के साथ पुलिस बेहतर व्यवहार करेंं, लोगों की पूरी बात सुनें और उनकी जायज शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें।
इसके अलावा थाना परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने और थाना परिसर में सफाई पर ध्यान देने का निर्देश दिया गया। इस दौरान एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस जल्द से जल्द लंबित मामलों का निष्पादन करे।
एसडीपीओ ने बताया कि नए कानून के अनुसार सभी लंबित मामलों को 60 से 90 दिन के अंदर निष्पादित करना है। साथ ही थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और नशेड़ियों पर नियंत्रण रखने के लिए भी उन्होंने निर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि नशाखोरी के खिलाफ आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जाना चाहिए।
इस मौके पर कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश