रांची में 18-19 अप्रैल को 10वां कीर्तन दरबार, 17 अप्रैल को निकलेगा भव्य नगर कीर्तन
रांची, 24 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची में गुरु नानक सेवक जत्था की ओर से 18 और 19 अप्रैल को 10वें महान कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी में मंगलवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा ने की, जबकि संचालन सचिव सुरेश मिड्ढा ने किया।
बैठक में जानकारी दी गई कि 10वें महान कीर्तन दरबार के उपलक्ष्य में 17 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब के दर्शन दिउड़ी गेट से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इस नगर कीर्तन में पांच निशानची और पांच प्यारों की अगुवाई में पुष्प सवारी पर विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को कृष्णा नगर कॉलोनी का भ्रमण कराया जाएगा।
नगर कीर्तन के दौरान कीर्तन मंडली द्वारा मार्ग भर शबद गायन किया जाएगा और विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर दो विशेष दीवान भी सजाए जाएंगे। पहला दीवान 18 अप्रैल को रात 8 बजे से 11 बजे तक तथा दूसरा दीवान 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित होगा।
कीर्तन दरबार में सिख पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनी जत्था भाई सरबजीत सिंह (पटना साहिब) साध-संगत को शबद कीर्तन से निहाल करेंगे। इसके अलावा 19 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब के बेसमेंट में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर लंगर सेवा, जोड़ा सेवा, पुष्प सज्जा, टेंट और लाइटिंग सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण सदस्यों के बीच किया गया।
मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि दोनों दीवानों की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा द्वारा शबद गायन से होगी। इसके बाद हुजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह द्वारा कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा और मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह कथा वाचन करेंगे।
दोनों दीवानों के समापन के बाद गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा।
बैठक में द्वारका दास मुंजाल, अमरजीत गिरधर, नरेश पपनेजा, मनीष मिड्ढा, विनोद सुखीजा, हरीश मिड्ढा, अशोक गेरा, महेश सुखीजा, अनूप गिरधर, कवलजीत मिड्ढा, सुभाष मिड्ढा, हरजीत बेदी, रमेश पपनेजा और कमल मुंजाल सहित कई सदस्य उपस्थित थे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak