विधायक के बेटे के अपहरण और मारपीट मामले में पांच आरोपित कोलकाता से गिरफ्तार

 


-घटना के दो घंटे के भीतर सौरभ को पुलिस ने सकुशल कराया था बरामद

रांची, 13 सितंबर (हि.स.)। रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर से चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपितों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रौनक सिंह राजपूत, प्रकाश गुप्ता, आयुष कुमार, प्रीतम और ज्ञानदीप के रूप में हुई है।

घटना सात सितंबर की है। पुलिस के अनुसार, विधायक के बेटे सौरभ कुमार यूनिवर्सिटी गेट के पास अपने दोस्तों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ खड़े थे। इसी दौरान अमरदीप की किसी बात को लेकर जूनियर छात्र लक्की राज से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद लक्की राज ने फोन कर कुछ बाहरी युवकों को मौके पर बुला लिया।

कुछ देर बाद दो काले रंग की स्कॉर्पियो से करीब 10-12 युवक वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। सौरभ की शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने उनके दोस्त अनमोल को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और सौरभ को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से ले गए।

सौरभ ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि चलती गाड़ी में उनके साथ मारपीट की गई और उनका गला दबाने की कोशिश की गई। आरोपितों ने उनका मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन भी छीन ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटना के करीब दो घंटे के भीतर सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया था।

इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की। जांच के क्रम में पांच आरोपितों को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे