रांची से अपहृत बच्ची गयाजी से सकुशल बरामद, तीन गिरफ्तार

 




रांची, 17 जुलाई (हि. स.)।रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के सपारोम से गुरुवार को हुए पांच वर्षीय बच्ची अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 12 घंटे के अंदर बिहार के गयाजी जंक्शन के पास स्थित एक होटल से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अपहरण कांड में शामिल तीन अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शुक्रवार को बताया कि नगड़ी थाना क्षेत्र के सपारोम से गुरुवार के दिन पांच वर्षीय किशोरी को अगवा कर लिया गया था। अपहरणकर्ता ने बच्ची को अगवा करने के बाद घर वाले से तीन लाख रुपये के फिरौती मांगी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए, तुरंत एक्शन में आई।मामले का खुलासा करने को लेकर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी आधार पर बिहार के गयाजी में स्थानीय पुलिस के साथ तीस से अधिक जगहों पर छापेमारी की। पुलिस ने छापेमारी बच्ची को सकुशल बरामद करते हुए, तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपित रमेश कुमार मिश्रा अपहृत बच्ची के घर के पास किराये के मकान में रहता था। आरोपित रमेश कुमार मिश्रा ने पैसों के लिए पांच वर्षीय बच्ची को बहला फुसलाकर गया जी (बिहार) ले गया और तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग की। फिरौती नहीं देने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। इस घटना में इसके दो सहयोगी सचिन कुमार एवं मोनु कुमार ने बच्ची को छिपाने और फिरौती का पैसा लेने की कोशिश में उसका मदद किया। आरोपितों ने बच्ची के पिता से जान से मारने की धमकी देकर दो अलग-अलग नम्बरों में 5 हजार रुपये ऑनलाईन लिया। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे