चित्रकला प्रतियोगिता में कैंब्रियन स्कूल की खुशी को तीसरा स्थान
रांची, 18 सितंबर (हि.स.)।
कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड की कक्षा 12 वीं वाणिज्य की छात्रा खुशी कुमारी ने विकसित भारत एट 2047 विषय पर शुक्रवार को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता का आयोजन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के रांची स्थित क्षेत्रीय केंद्र और विवेकानंद विद्या मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। प्रतियोगिता में खुशी कुमारी को मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 2500 रुपये नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्रा ने अपनी कल्पना और कला के माध्यम से सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर प्रस्तुत की है।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ विकसित भारत की परिकल्पना को समझने का अवसर देती हैं। खुशी ने अपनी कलाकृति में भारत की प्रगति और विकास के विभिन्न आयामों को दर्शाया।
पेंटिंग में महिलाओं की विभिन्न क्षेत्रों में सहभागिता, बच्चों की शैक्षणिक संभावनाएं, तकनीकी विकास और रक्षा क्षेत्र में भारत की प्रगति और शक्ति को चित्रित किया है। खुशी की कलाकृति के माध्यम से सशक्त, प्रगतिशील और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को सामने रखा गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी को दर्शाया गया है। खुशी की सफलता पर विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने उसे बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar