खेलो झारखंड राज्य स्तरीय हॉकी-एथलेटिक्स प्रतियोगिता तीन अक्टूबर से

 


-24 जिलों से पहुंचे अंडर-17 खिलाड़ी, 582 बालकों ने खुली चयन प्रक्रिया में दिखाई प्रतिभा

रांची, 02 अक्टूबर (हि.स.)। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से खेलो झारखंड राज्य स्तरीय हॉकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन तीन अक्टूबर से किया जाएगा। खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स ग्राउंड में दोपहर तीन बजे राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।

प्रतियोगिता में राज्य के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के खिलाड़ी अपने-अपने जिलों की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य के सभी 24 जिलों से अंडर-17 बालक-बालिका एथलेटिक्स खिलाड़ियों तथा अंडर-17 बालक-बालिका हॉकी टीमों का रांची आगमन शुक्रवार को हो गया। खिलाड़ियों के दस्तावेज सत्यापन, तकनीकी जांच और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

खेलगांव के प्रैक्टिस मैदान में आयोजित एथलेटिक्स की खुली चयन प्रक्रिया में 582 बालक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें राज्य के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के अंडर-14 वर्ग के 84, अंडर-17 के 298 और अंडर-19 के 200 खिलाड़ी शामिल हुए।

प्रतियोगिता के जरिए स्कूली स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतिस्पर्धा में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar