खेलो इंडिया डिस्ट्रिक्ट बॉक्सिंग लीग 2026 का शुभारंभ

 


रांची, 29 अप्रैल (हि.स.)। खेलो इंडिया डिस्ट्रिक्ट बॉक्सिंग लीग 2026 का शुभारंभ बुधवार को स्थानीय खेलगांव बॉक्सिंग हॉल में रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि सीईओ, जेएसएस पीएस झारखंड के एनके झा और विनय सिन्हा ने संयुक्त रूप से किया।

एनके झा ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने, प्रतिभाओं को निखारने और राष्ट्रीय स्तर की तैयारी मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। इसमें विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। महिला खिलाड़ियों की भागीदारी को विशेष महत्व देते हुए खेलो इंडिया अस्मिता सिटी डिस्ट्रिक्ट बॉक्सिंग लीग भी साथ आयोजित की जा रही है।

एनके झा ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से मिशन ओलंपिक के तहत प्रशिक्षण शिविर और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना समय की जरूरत है।

विनय सिन्हा ने कहा कि झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन और रांची जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन का प्रयास है कि खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाए। दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाकर बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम में राजीव कुमार वर्मा, आरजे डी जे राव, विमल आनंद नाग, सुनील कुमार, अभिमन्यु कुमार, राजेश कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar