खादी ग्रामोद्योग समिति ने निकाली खादी यात्रा, वोकल फॉर लोकल का लिया संकल्प
देवघर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी के आदर्शों और आत्मनिर्भर भारत के आह्वान के तहत स्वदेशी और खादी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय आर. मित्रा प्लस टू विद्यालय परिसर में ‘खादी सेवा संकल्प महोत्सव-2026’ एवं ‘खादी यात्रा-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और खादी ग्रामोद्योग समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महोत्सव के तहत आर. मित्रा प्लस टू विद्यालय परिसर से भव्य खादी यात्रा निकाली गई। यात्रा बैद्यनाथधाम स्टेशन रोड, राय एंड कंपनी चौक होते हुए टावर चौक तक पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में खादी के महत्व और स्वदेशी अपनाने का संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
यात्रा से पूर्व विद्यालय सभागार में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने खादी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में भी खादी पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खादी को अपनाने से स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को प्रोत्साहन मिलता है।
सभा में उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दैनिक जीवन में यथासंभव खादी उत्पादों का उपयोग करने और स्थानीय उत्पादों एवं कारीगरों को प्रोत्साहन देने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक के साथ देवघर जिला प्रशासन का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव श्याम नंदन राय, देवकांत झा, सुधांशु धर, बासुकीनाथ झा, प्रभाष चंद्र राय, संजय कुमार राय, उषा देवी, देवेंद्र देव, संजय पांडेय, अमर्त्य आलोक, दिलीप तिवारी सहित अन्य कर्मी एवं शिक्षक उपस्थित थे। सभी की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफल रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy