रांची : दिसंबर में होगा मारवाड़ी युवा मंच का कारवां 2.0 राष्ट्रीय अधिवेशन
रांची, 22 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का कारवां 2.0 राष्ट्रीय अधिवेशन इस बार दिसंबर में मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा के आतिथ्य में होगा। चार दिवसीय अधिवेशन में देशभर की विभिन्न शाखाओं से करीब 3,000 सदस्य और प्रतिनिधियों के रांची पहुंचने की उम्मीद है। अधिवेशन के दौरान मंच के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी होगा।
यह जानकारी मंगलवार को चैम्बर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में मंच के सानिध्य में कारवां का ऐतिहासिक आयोजन हुआ था। बिरसा मुंडा की धरती रांची में दूसरी बार राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होना झारखंड और रांची के लिए गौरव की बात है।
सुरेश एम. जैन ने बताया कि अधिवेशन में झारखंड की संस्कृति और मारवाड़ी समाज की परंपराओं को देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का प्रमुख आकर्षण मारवाड़ महोत्सव होगा, जिसमें मारवाड़ी संस्कृति, कला, लोकाचार, परंपरा और खान-पान की झलक देखने को मिलेगी।
मंच के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि देशभर में मंच की करीब 8,000 शाखाएं समाज सेवा के कार्यों में जुटी हैं। युवा पीढ़ी को सामाजिक कार्यों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के उद्देश्य से मंच काम कर रहा है।
झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पाडिया ने कहा कि इतने बड़े राष्ट्रीय अधिवेशन की मेजबानी मिलना पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रांतीय संयोजक अमित शर्मा ने कहा कि कारवां 2.0 संवाद, संगठनात्मक सहभागिता, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक जुड़ाव का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
प्रेस वार्ता में राहुल अग्रवाल, ललित जैन, विनय अग्रवाल, अर्जुन सिंघानिया, मोनिका गोयनका, विनीता सिंघानिया, विकास अग्रवाल, मुकेश शर्मा और अनीश सरावगी समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar