कराटे केवल एक खेल नहीं बल्कि आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम : फौजान
रामगढ़, 11 अप्रैल (हि.स.)। रांची रोड स्थित स्कॉलर्स हाई स्कूल में शनिवार को जिला कराटे चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन प्रशिक्षु डीएसपी फौज़ान अहमद, विशिष्ट अतिथि प्रिंसिपल कम एआरओ निशिकांत कर, प्रिंसिपल डीएवी आरा आलोक कुमार, स्पोर्ट्स कराटे डो एसोसिएशन ऑफ झारखंड के प्रेसिडेंट हांशी मानस सिन्हा और एग्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर सेंसेई रंजीत मेहता ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन राहुल पांडे ने किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन लगभग 100 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं वर्गों में भाग लेकर अपने कौशल और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसने उपस्थित दर्शकों को भी रोमांचित कर दिया।
मुख्य अतिथि फौज़ान अहमद ने कहा कि कराटे केवल एक खेल नहीं बल्कि आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम है, जो युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता प्रदान करता है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को सही दिशा देते हैं।
मौके पर विशिष्ट अतिथि निशिकांत कर ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ आत्मनिर्भरता भी विकसित होती है।
स्वर्ण पदक विजेता सुरभि कुमारी, रिया राज, नैन्सी सिंह, स्वयम, कुमार उज्ज्वल, स्वयम कृष्ण सिंह, रजत पदक विजेता अमृता कुमारी, रक्षा रानी, रिया कुमारी, नैतिक राज, तेजस झा, अर्जुन कुमार, कांस्य पदक विजेता हर्षवीर सिंह, करण राज, अजय कुमार हांसदा, शिवम जायसवाल, सना गुप्ता, शगुन कुमारी, दीपिका कुमारी, रिया कुमारी, सुबी कुमारी, आनंदिता दास गुप्ता शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश