युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करता है कराटे : नवीन
रामगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। कराटे डो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला कराटे चैम्पियनशिप के दूसरे दिन सोमवार को ऊर्जा, अनुशासन और रोमांच से भरपूर रहा। स्कॉलर्स हाई स्कूल परिसर में चल रही इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। इस दौरान 130 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में कुल प्रतिभागियों की संख्या 230 के पार पहुंच गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामगढ़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय, डॉ शरद जैन और भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय उपस्थित थे। नवीन प्रकाश पांडेय ने कहा कि कराटे जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास विकसित करता है। वहीं, डॉ शरद जैन ने खेलों को मानसिक और शारीरिक मजबूती का आधार बताया। सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मजबूत मंच देते हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रेन्शी नरेंद्र सिन्हा ने बताया कि यह चैम्पियनशिप जिले के खिलाड़ियों को राज्य स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महासचिव शिहान शशि पांडेय ने जानकारी दी कि चयनित खिलाड़ी राज्य प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जहां से राष्ट्रीय स्तर (मई, उत्तराखंड) के लिए चयन होगा। ओवरऑल चैम्पियनशिप रिजल्ट में ओवरऑल चैंपियन द टेंपल ऑफ वॉरियर्स 144 अंक प्रथम रनर, अप चैंपियंस डोजो 129 अंक द्वितीय रनर, अप कोबरा कराटे अकेडमी 90 अंक लाकर रनर रहा।
चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता के रूप में जिया कुमारी, शिवांशी, अदिति कुमारी मिश्रा, आन्या शील सहित अन्य वहीं रजत पदक विजेताओं में दिशाना रामरेजिया, अमायरा सिंह, जोइशा अग्रवाल सहित अन्य का नाम शामिल है। इसके अलावा कांस्य पदक विजेताओं में अविका सिंह, अनन्या रॉय, श्रेयजा मिश्रा, श्रद्धा कुमारी, आयांशी प्रीषा, कार्तिक कुमार, विवेक महतो, अभिनव कुमार सहित अन्य का नाम शामिल है।
प्रतियोगिता के संचालन में रेफरी कमीशन चेयरमैन सेंसई संजय सोनकर, कोषाध्यक्ष बिनय रंजन और टीम के सदस्य सुमित कुमार, राहुल पांडेय, कमल नायक, रुपेश कुमार, शेखर कुमार, जोगेंद्र गंझू, मार्शल टुडू, चंद्रप्रकाश उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश