विश्राम गृह का लाभ उठा रहे कांवरियाें ने की राज्य सरकार की प्रशंसा

 


देवघर, 18 अगस्त (हि.स.)।

श्रावणी मेला के दौरान बाबा नगरी देवघर पहुंचने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कांवरिया पथ से लेकर मेला क्षेत्र तक श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जगह-जगह शौचालय, स्नानागार, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से कोठिया बस पड़ाव के समीप बनाए गए टेंट सिटी ‘विश्राम गृह’ का कांवरिया श्रद्धालु भरपूर लाभ उठा रहे हैं। टेंट सिटी को एक बड़े और व्यवस्थित हॉल का स्वरूप दिया गया है, जहां श्रद्धालुओं के ठहरने और आराम करने के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

विश्राम गृह में कांवरियों के लिए सोने के लिए

फोल्डिंग बेड, तकिया, चादर, बाल्टी सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। वहीं गर्मी और उमस से राहत देने के लिए सैकड़ों पंखों के साथ हाई पावर कूलर की भी व्यवस्था की गई है। लंबी दूरी की पैदल यात्रा के बाद यहां पहुंचकर कांवरिया कुछ समय आराम कर अपनी थकान मिटा रहे हैं।

मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सिवान और उत्तर प्रदेश से पहुंचे कांवरिया श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। कांवरियों ने कहा कि लंबी दूरी की यात्रा के बाद जब वे विश्राम गृह पहुंचे तो यहां की सुविधाओं ने उनकी सारी थकान दूर कर दी।

श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन को बेहतर व्यवस्था के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजाम सराहनीय हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह कांवरियों की सेवा और सुविधा का ध्यान रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy