स्केटिंग कर चार धाम की यात्रा पर निकले कन्हैया ने किया बाबा बैद्यनाथ का दर्शन

 


देवघर, 07 अप्रैल (हि.स.)। भगवान शिव के भक्त अपनी आस्था प्रकट करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। कोई पैदल यात्रा करता है तो कोई दंडवत होकर धाम पहुंचता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के राजापुर कतनिया निवासी महादेव भक्त कन्हैया कुमार ने भक्ति का अनोखा मार्ग चुना है। वे स्केटिंग करते हुए पूरे भारत में चार धाम और बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की यात्रा पर निकले हैं। अपनी इसी आध्यात्मिक यात्रा के क्रम में कन्हैया कुमार मंगलवार को महादेव की नगरी देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

बताया गया कि कन्हैया कुमार 29 अक्टूबर 2025 से स्केटिंग के माध्यम से भारत भ्रमण पर निकले हैं। उनका उद्देश्य चार धाम और सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना है। यात्रा के दौरान वे अपने पिट्ठू बैग में आवश्यक सामान और एक संदेश लिखे बैनर के साथ लगातार स्केटिंग करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मौके पर बातचीत के दौरान कन्हैया ने बताया कि वे सनातन धर्म की स्थापना और भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किए जाने की भावना के साथ यह कठिन यात्रा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह उनका पुराना संकल्प था कि वे स्केटिंग के जरिए ही चार धाम और ज्योतिर्लिंगों की यात्रा करेंगे। उन्होंने बताया कि अब तक वे कई ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं और देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ सहित आठ ज्योतिर्लिंगों का दर्शन पूरा कर लिया है। पूरी यात्रा वे अपने निजी खर्च पर कर रहे हैं, हालांकि रास्ते में लोगों का सहयोग और प्रोत्साहन उन्हें लगातार मिलता रहता है, जिससे यह कठिन तपस्या जारी रख पा रहे हैं। आस्था, संकल्प और साहस का अनोखा उदाहरण बने कन्हैया कुमार की यह यात्रा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy