झारखंड दौरे पर 02 जुलाई को रांची आएंगे के राजू
रांची, 30 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सीडब्ल्यूसी के स्थायी आमंत्रित सदस्य और झारखंड प्रभारी के राजू राज्यड दौरे को लेकर 02 जुलाई को रांची पहुंचेंगे। के राजू 06 जुलाई तक राज्य भर में पार्टी का संगठनात्मक दौरा करेंगे।
यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि के राजू रांची, लातेहार, पलामू, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों का दौरा करेंगे। वे पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक कांग्रेस पदाधिकारियों, जीपीसीसी सदस्यों, प्रखंड कांग्रेस कमेटियों और जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण एवं आगामी राजनीतिक तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।
साथ ही विभिन्न गांवों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं और आम जनता से बातचीत भी करेंगे।
सिन्हा ने बताया कि 05 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, में एसआईआर समिति के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चा एवं विभागों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak