जेवीएम की कायना ने अंडर 10 राष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता में मारी बाजी

 




रांची, 24 जून (हि.स.)। जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली (जेवीएम) की कक्षा 3-बी की छात्रा कायना कृष्णा सहाय ने भुवनेश्वर में आयोजित एआईटीए अंडर-10 राष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता का खिताब जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय में बुधवार को स्कूल परिसर में सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

स्कूल के प्राचार्य बीएन झा ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को भी समान महत्व देता है। उन्होंने कहा कि कायना की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

कायना की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और इसे झारखंड की खेल प्रतिभा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। मौके पर बताया गया कि भुवनेश्वर स्थित गुरुकुल टेनिस अकादमी में 19 से 21 जून तक ओडिशा टेनिस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में देशभर की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

झारखंड की अंडर-10 वर्ग की शीर्ष वरीय खिलाड़ी कायना ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई सेट गंवाए राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया।

मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-शिक्षक सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar