न्यायमूर्ति दीपक रौशन ने किया वीडब्ल्यूडीसी के भवन निर्माण के लिए भूमि-पूजन
रामगढ़, 16 मई (हि.स.)। व्यवहार न्यायालय में शनिवार को झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति दीपक रौशन का आगमन हुआ। इस अवसर पर न्यायमूर्ति का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हाेंने व्यवहार न्यायालय का भ्रमण किया। वहीं जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान रामगढ़ कोर्ट में वल्नरेबल विटनेस डिपोजिशन सेंटर (वीडब्ल्यूडीसी) के भवन निर्माण और मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए भूमि-पूजन और शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो तौफिकुल हसन, प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय राजीव आनन्द, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, प्रथम विशाल श्रीवास्तव डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुनायत, जिला प्रशासन, अभियोजन एवं अधिवक्ता संघ के सदस्य उपस्थित थे। इसके अलावा न्यायमूर्ति ने व्यवहार न्यायलय में नवनिर्मित पेन्ट्री का उद्घाटन किया।
जस्टिस दीपक रौशन ने रामगढ़ न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें विधि व्यवस्था और न्यायालय के कार्यों की समीक्षा की गई। व्यवहार न्यायालय के मुख्य भवन में चल रहे मरम्मति कार्यों का भी जायजा लिया और इस दौरान उन्होंने मौजूद कार्यपालक अभियंता, भवन-निर्माण विभाग को त्वरित एवं गुणवतापूर्ण कार्य करने का निर्देश दिया।
मौके पर जस्टिस दीपक रौशन ने कहा कि वल्नरेबल विटनेस डिपोजिशन सेंटर में संवेदनशील मामलों के गवाह आसानी से आ सकेंगे। इससे पहले कई बार ऐसा हुआ है जब पोस्को एक्ट और दुष्कर्म केस में गवाही देने के लिए मौजूद लोग काफी परेशान होते हैं। उच्चतम न्यायालय ने बहुत पहले ही वल्नरेबल विटनेस डिपोजिशन सेंटर बनाने का निर्देश दिया था। लेकिन जिला न्यायालय में इसकी कमी से लोगों को परेशानी हो रही थी। अब रामगढ़ जिले में वीडब्ल्यूडीसी भवन निर्माण का शिलान्यास हुआ है।
जस्टिस दीपक रौशन ने व्यवहार न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया। इसमें राजीव आनंद, प्रधान न्यायधीश कुटुम्ब न्यायालय, विशाल श्रीवास्तव, जिला एवं अपर सत्र न्यायधीश प्रथम, आरती माला, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी अरबिंद कच्छप, अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, शिवेन्दु द्विवेदी, सिविल जज (सीडी) सह-न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी, तबिन्दा खान, सिविल जज (सीडी)- पंचम-सह-न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
इसके पूर्व जस्टिस दीपक रौशन रामगढ़ कोर्ट पहुंचने पर अधिवक्ता संघ ने उनका स्वागत किया। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल की नेतृत्व में संघ के अधिवक्ताओं ने न्यायमूर्ति को बुके देकर स्वागत किया। साथ ही अधिवक्ता व मुवक्किलों को हो रही समस्याओं के बारे में जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश