जेएससीए अध्यक्ष ने डाला वोट, मतदानकर्मियों का जताया आभार
रांची, 23 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के अध्यक्ष सह रांची के पूर्व डिप्टी मेयर अजय नाथ शाहदेव ने सोमवार को रांची नगर निकाय चुनाव में रांची में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस अवसर पर उन्होंने कडरू स्थित हुसैनिया मदरसा स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया।
मौके पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए उम्मीद जताई कि राजधानीवासियों ने रांची के समग्र विकास और बेहतर नगर व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है। उन्होंने कहा कि सक्रिय जनभागीदारी से ही मजबूत और जवाबदेह स्थानीय प्रशासन का गठन संभव है। उन्होंने चुनाव कार्य में शामिल अधिकारी और कर्मियों के प्रति आभार जताया और कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में चुनाव अधिकारियों, पदाधिकारियों और अन्य कर्मियों ने जिस तत्परता और निष्पक्षता से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराया वह सराहनीय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar