स्वतंत्रता दिवस पर आंदोलनरत छात्र निकालेंगे तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री का फूंकेंगे पुतला

 


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत आंदोलनरत छात्रों की ओर से 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। आंदोलनरत छात्रों के अनुसार यात्रा सुबह 10 बजे से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होगी।

यह जानकारी देवेन्द्रनाथ महतो ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

उन्होंने विज्ञप्ति के माध्याम से बताया कि छात्रों का यह तिरंगा यात्रा कचहरी चौक, सर्कुलर रोड, लालपुर चौक और प्लाजा चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेगी। आंदोलनकारियों ने बताया कि अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका जाएगा। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं किए जाने के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

देवेन्द्रनाथ महतो ने झारखंड के छात्र-युवाओं और आम नागरिकों से 15 अगस्त की सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने और इसे सफल बनाने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलन के प्रमुख आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भूख हड़ताल के कारण सदर अस्पताल में इलाजरत हैं। देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल शुक्रवार को 13वें दिन भी जारी रही। स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद वे छात्रों की मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar