जेपीएससी मुद्दे पर आंदोलनरत छात्रों ने सोरेन सरकार के चार मंत्रियों का फूंका पुतला

 


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)।

जेपीएससी-जेएसएससी मुद्दे पर आंदोलन कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को शहीद अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन करते हुए हेमंत सोरेन सरकार में शामिल मंत्रियों का पुतला दहन किया। छात्रों ने मंत्री इरफान अंसारी, सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय, शिल्पी नेहा तिर्की और जेएसएससी अध्यक्ष सुधीर गुप्ता के पुतले जलाए। इसके साथ ही चेतावनी दी कि आंदोलन को दबाने या बदनाम करने से उनकी आवाज खत्म नहीं होगी। मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

छात्रों ने आरोप लगाया गया कि सरकार में शामिल मंत्री आंदोलन को बदनाम करने में जुटे हैं। मौके पर उन्होंोने आंदोलन को बदनाम करने और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में छात्रों ने राज्य सरकार के मंत्रियों और जेएसएससी अध्यक्ष का पुतला दहन किया। इस दौरान छात्रों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि वे लंबे समय से जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके आंदोलन को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। इसके बावजूद आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज किया गया, जिसकी उन्होंने निंदा की और दोषी अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

छात्रों ने कहा कि सरकार को जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान करने की मांग की। जिन मामलों में छात्र सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, उनमें निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी दोहराई गई।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी वास्तविक मांगों पर चर्चा करने के बजाय आंदोलन को अलग-अलग तरीके से बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, भर्ती में निष्पक्षता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए है। इस अवसर पर बडी संख्या में छात्र अभ्यषर्थी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar