जेपीएससी और जेएसएससी के अभ्यर्थियों ने लगाया आंदोलन खत्म के लिए दबाव बनाने का आरोप
रांची, 01 अगस्त (हि.स.)।
जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के विरोध में अभ्यर्थियों का सत्याग्रह शनिवार को आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मांडू (रामगढ़) निवासी जेपीएससी अभ्यर्थी राम अवतार महतो ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि आंदोलन समाप्त करने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की।
राम अवतार महतो ने बताया कि उन्होंने आंदोलन से संबंधित सभी कार्यक्रमों की सूचना पूर्व में मुख्यमंत्री सचिवालय, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी और कोतवाली थाना को दी थी। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई 2026 से बापू वाटिका, मोरहाबादी में सत्याग्रह शुरू हुआ था।
राष्ट्रीय डूरंड फुटबॉल प्रतियोगिता के मद्देनजर प्रशासन के निर्देश पर 28 जुलाई 2026 से धरनास्थल को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद छात्रों ने संविधान यात्रा और कैंडल मार्च भी आयोजित किया।
महतो ने आरोप लगाया कि संविधान यात्रा के बाद कुछ लोगों ने आंदोलन को बाधित करने और समाप्त कराने का प्रयास किया।
इस संबंध में 30 जुलाई 2026 को कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी से सत्याग्रही अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की लिखित मांग भी की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar