वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन बढ़ाने के वादे को भूली सरकार : जेपी
रांची, 04 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय सीनियर सिटीजन संघ के रामगढ़ जिला संयोजक जय प्रकाश पांडेय (जेपी) ने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन बढ़ाने के वादे को भूल गई। सरकार इसे जल्द पूरा करे ताकि राज्य के बुर्जूगों को परेशानियों का सामना न करना पडे।
उन्होंने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार गठन से पूर्व वरिष्ठ नागरिक, विधवा और दिव्यांगों की पेंशन कम से कम तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं की पेंशन राशि बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी गई, जो स्वागत योग्य है, लेकिन वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन आज भी मात्र एक हजार रुपये है और उसका भुगतान भी अनियमित है।
उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड निर्माण और विकास में योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को आखिर क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने मांग किया कि खनिज संपन्न राज्य झारखंड में वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए पेंशन कम से कम तीन हजार रुपये प्रतिमाह की जाए।
साथ ही प्रत्येक प्रखंड में आवासीय वरिष्ठ नागरिक भवन, थानों में प्राथमिकता, 60 वर्ष से ऊपर के सभी नागरिकों को आयुष्मान योजना से जोड़ने और रेल एवं हवाई किराए में 50 प्रतिशत छूट बहाल करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar