नेमरा में मानवता की मिसाल पेश करने वाले पत्रकार हुए सम्मानित
रामगढ़, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में मानवता की मिसाल पेश करने वाले पत्रकार अनिल विश्वकर्मा को शुक्रवार को सम्मानित किया गया।
प्रेस क्लब रामगढ़ परिसर में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। क्लब के सचिव धर्मेंद्र पटेल, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार उर्फ बिरू के सहित अन्य पत्रकारों ने अनिल विश्वकर्मा को अंगवस्त्र, मोमेंटो और बुके प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर धर्मेंद्र पटेल ने कहा कि पत्रकार सिर्फ कलम नहीं चलाता है। वह विषम परिस्थिति में लोगों की सहायता करना भी जानता है। सीपीआर देने में ट्रेंड अनिल विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ना सिर्फ दोहरे सदमें से बचाया, बल्कि उन्होंने हजारीबाग जिलाबल के सिपाही आनंद कुमार और उसके परिवार को जीवनदान दिया है।
जिस वक्त यह हादसा हुआ उसी वक्त मेडिकल सुविधा तत्काल मिलना मुश्किल हो गया था। लेकिन अनिल विश्वकर्मा ने बिना एक क्षण गंवाए सीपीआर दिया जिसकी वजह से सिपाही आनंद आज जीवित हैं और अपने परिवार के बीच हैं।
मौके पर उपाध्यक्ष प्रदीप राज बब्लू, संयुक्त सचिव दिलीप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम, कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार, सुरेंद्र सिंह एवं रितेश कश्यप, तरुण बागी, ज्योति सिंह, प्रिंस वर्मा, संजय नायक सहित अन्य पत्रकार मौजूद थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश