झामुमो नेता के खिलाफ पत्नी ने दर्ज कराई प्राथमिकी
रामगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रामगढ़ के नेता विनोद किस्कू पर उनकी पत्नी और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शांति सोरेनने अवैध संबंध के आरोप में सोमवार को प्राथिमिकी दर्ज कराई है। शांति ने वेस्ट बोकारो ओपी में अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। साथ ही यह भी आशंका जताई है कि उनकी और उनके बच्चों की जान खतरे में है। उनके पति विनोद किस्कू तीनों की जान ले सकते हैं।
घाटोटांड़ के ग्राम दुनी टोला चिराटुंगड़ी की रहने वाली शांति सोरेन ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी विनोद किस्कू के साथ संथाली रीति रिवाज से वर्ष 2001 में हुई थी। उनका पुत्र जयप्रकाश किस्कू और पुत्री श्रेया किस्कू उनके साथ रहती है। 12 मार्च को उनके घर में श्राद्ध कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान विनोद किस्कू रीना मुखर्जी उर्फ कुमारी सुहागी के साथ घर पहुंचे। उन दोनों ने शांति सोरेन के साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की। विनोद किस्कू ने सबके सामने ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी। रीना मुखर्जी उर्फ कुमारी सुहागी ने भी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगी।
शांति सोरेन ने पुलिस को बताया कि विनोद किस्कू का रीना मुखर्जी के साथ अवैध संबंध है। दोनों मिलकर षड्यंत्र के तहत उनकी हत्या कर सकते हैं। साथ ही उनके बेटे और बेटी की जान भी खतरे में है। उन्होंने यह भी कहा कि विनोद किस्कू एक दबंग व्यक्ति है और अपनी प्रेमिका रीना मुखर्जी के साथ मिलकर वह उनकी हत्या करने के फिराक में है। साथ ही उनके पैतृक संपत्ति को हड़पने की साजिश भी रच रहा है।
इधर, वेस्ट बोकारो पुलिस ने कांड संख्या 59/26 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश