एसआईआर के मुद्दे पर 30 सितंबर को राजभवन के समक्ष झामुमो करेगी प्रदर्शन : मुख्तार
रांची, 29 सितंबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की रांची जिला एवं महानगर समिति की ओर से 30 सितंबर 2026 को रांची स्थित लोकभवन (राजभवन) के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी झामुमो रांची जिला के संयोजक प्रमुख मुश्ताक आलम ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में रांची जिला समिति के केंद्रीय सदस्य, जिला एवं महानगर के विभिन्न स्तर के पदाधिकारी, प्रखंड स्तर के नेता, सांसद और विधायक शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ता रांची कॉलेज मैदान से जुलूस के रूप में राजभवन की ओर जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि झामुमो की ओर से एसआईआर की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। पार्टी ने दावा किया है कि प्रक्रिया से आम लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं, निर्वाचन आयोग की ओर से कहा गया है कि एसआईआर समेत आयोग के फैसले नियमानुसार और आयोग के स्तर पर लिए गए हैं। प्रदर्शन में झामुमो के विभिन्न स्तर के नेता पदाधिकारी कार्यकर्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar