जेपीएससी विवाद में भाजपा और कोचिंग माफिया उठा रहे राजनीतिक लाभ : झामुमो
रांची, 21 अगस्त (हि.स.)।
झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक हेमलाल मुर्मू ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और कथित कोचिंग माफिया पर छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए जेपीएससी और सीजीएल सहित कई परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया था। इसके बाद कुछ छात्रों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की, जिस पर अदालत ने सरकार के फैसले पर रोक लगाते हुए 15 दिनों के भीतर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।
मुर्मू ने कहा कि मामला अब न्यायिक प्रक्रिया में है, इसलिए सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
मौके पर झामुमो विधायक अनंन प्रताप देव ने कहा कि भाजपा और कथित कोचिंग माफिया पर छात्रों को आगे कर राजनीतिक लाभ लेने में लगे हैं। उन्होंने पुतला दहन जैसे कार्यक्रमों को भी राजनीतिक हस्तक्षेप से जोड़कर देखा। अनंत देव ने पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कथित दवा घोटाले में सीबीआई और ईडी जांच का हवाला देते हुए उन पर राजनीतिक संरक्षण लेने का आरोप लगाया। सीबीआई जांच की मांग पर झामुमो ने पूछा कि पहले और दूसरे जेपीएससी मामले की जांच का अब तक क्या परिणाम आया। उन्होंने सीआईडी जांच को प्रभावी बताते हुए कई आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया। उन्होंने छात्रों से राजनीतिक दलों के बहकावे में नहीं आने और न्यायिक प्रक्रिया का इंतजार करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar