मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर झामुमो ने सभी प्रस्तावित कार्यक्रम किए स्थगित, 7 सितंबर का धरना भी टला
रांची, 06 सितंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। पार्टी ने शोक की इस घड़ी में राज्यभर में प्रस्तावित अपने सभी कार्यक्रमों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने रविवार को कार्यालय आदेश जारी कर सभी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक प्रमुख, महानगर अध्यक्ष और महानगर संयोजक को इसकी जानकारी दी। आदेश के अनुसार, सात सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन भी अगले आदेश तक स्थगित रहेगा।
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन से झामुमो के सभी स्तर के नेता और कार्यकर्ता मर्माहत एवं शोक संतप्त हैं। उनके निधन को उन्होंने पार्टी और सरकार के लिए बड़ी क्षति बताया।
केंद्रीय महासचिव ने सभी संगठनात्मक पदाधिकारियों को शोक की इस घड़ी में पार्टी के निर्णय का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों के संबंध में पार्टी नेतृत्व की ओर से बाद में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।
झामुमो ने दिवंगत मंत्री के परिवार, परिजनों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शोकाकुल परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar