परीक्षाओं में गड़बड़ियों के कारण छात्रों का भविष्य प्रभावित : झामुमो
रांची, 02 जून (हि.स.)।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं। नीट और अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ियों के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा कराने वाली एजेंसियां सही तरीके से काम नहीं कर रही हैं। भट्टाचार्य मंगलवार को झामुमाे के प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में बाेल रहे थे।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने और अन्य विवादों से छात्रों और उनके परिवारों को काफी परेशानी हुई। इतने बड़े मामले के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी संस्थानों को कमजोर किया जा रहा है और निजी संस्थानों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यूजीसी के नए नियमों पर भी सवाल उठाए।
शिक्षा बजट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा पर खर्च बढ़ाने की जरूरत है, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के नाम पर पार्टी स्तर पर चर्चा चल रही है और जल्द फैसला लिया जाएगा। वहीं ट्रेजरी मामले में भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar