बजट में महिला सशक्तिकरण बाल कल्याण पर जोर : विनोद पांडेय
रांची, 24 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि जिस बजट को भाजपा दिशाहीन बता रही है, उसमें महिला सशक्तिकरण के लिए 34,211 करोड़ रुपये का जेंडर बजट और बच्चों के कल्याण के लिए 10,793 करोड़ रुपये का बाल बजट प्रावधान है। लेकिन भाजपा जानबूझकर गुमराह करने का काम कर रही है।
पांडेय ने कहा कि ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए 1,000 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत 730 करोड़ रुपये तथा स्थानीय निकायों को 1,172 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में दशम, जोन्हा और हुण्डरू जलप्रपात सहित प्रमुख स्थलों के विकास की योजनाएं शामिल हैं। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के माध्यम से 1.24 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 45 हजार रोजगार सृजन की संभावना है।
पांडेय ने कहा कि यह बजट बिचौलियों के बजाय सीधे आम जनता को सशक्त करता है। धान खरीद, छात्रवृत्ति, पेंशन और गैस सिलेंडर जैसे मुद्दों पर फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब इसी बजट में निहित है। उनके अनुसार, भाजपा के पास गांवों और महिलाओं के विकास का कोई ठोस वैकल्पिक विजन नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar