झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं की हो रही उपेक्षा : विनोद
रांची, 06 अप्रैल (हि.स.)।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा आज संसाधनों से परिपूर्ण और दुनिया की सबसे धनी पार्टियों में शामिल है, लेकिन उसकी मूल ताकत रहे जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा में आयातित चेहरों के संगठन पर हावी होने का आरोप लगाया। पांडेय ने कहा कि वर्षों तक पार्टी के लिए काम करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है, जिससे संगठन की आंतरिक लोकतांत्रिक संस्कृति कमजोर हो रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं के भाषणों को आत्मप्रशंसा से भरा बताते हुए कहा कि जमीनी हकीकत इससे अलग है। महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार विफल रही है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले भाजपा को अपने वादों का हिसाब देना चाहिए।
पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित हुए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो सरकार जनहित, जल-जंगल-जमीन और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar