हर साल दो करोड़ रोजगार देने के वादे के बारे में बताए भाजपा : विनोद
रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने मुख्यमंत्री सारथी योजना पर भाजपा के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि युवाओं के रोजगार पर सवाल उठाने से पहले भाजपा बताए हर साल दो करोड़ रोजगार देने के वादे का क्या हुआ और अबतक कितने युवाओं को स्थायी रोजगार मिल पाया है।
विनोद पांडेय ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में युवा रोजगार और भर्ती से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन भाजपा युवाओं की चिंता करने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री सारथी योजना का उद्देश्य रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए केंद्रांश की राशि समय पर नहीं मिलने से उनके क्रियान्वयन पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा बेरोजगारी दूर करने, सरकारी रिक्त पदों पर नियुक्तियां सुनिश्चित करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के अपने प्रयासों का जवाब दे। विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा सारथी योजना पर सवाल उठाने के साथ केंद्र सरकार की रोजगार संबंधी जवाबदेही से भी पीछे नहीं हट सकती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar