गैस सिलेंडर कीमतों में वृद्धि के खिलाफ 7 मई को रांची में झामुमो का धरना-प्रदर्शन

 


रांची, 06 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में 7 मई (गुरुवार) को रांची में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी झामुमो रांची जिला समिति के संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

मुस्ताक आलम ने बताया कि यह धरना केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

झामुमो के अनुसार, छोटे गैस सिलेंडरों में 261 रुपये और कमर्शियल सिलेंडरों में 993 रुपये तक की वृद्धि की गई है। झामुमो का कहना है कि यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम जनता, मजदूर वर्ग और छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डाल रही है।

मुस्ताक आलम ने कहा कि गैस की कीमत बढ़ने से महंगाई और तेज हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। खासकर ठेला-खोमचा चलाने वाले, ढाबा संचालक और छोटे रेस्टोरेंट व्यवसायी इस वृद्धि से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि धरना-प्रदर्शन 7 मई को सुबह 11:30 बजे कचहरी स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क के सामने आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय पदाधिकारी, जिला और महानगर समिति के सदस्य, प्रखंड और वार्ड स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

झामुमो ने कहा है कि यह आंदोलन जनता की आवाज को बुलंद करने और महंगाई के खिलाफ संघर्ष का हिस्सा है। पार्टी ने अधिक से अधिक लोगों से इस धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar