झामुमो ने गिरिडीह से लेकर मेदिनीनगर तक भाजपा की गतिविधियों पर उठाए सवाल
रांची, 22 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को झामुमो केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा की चुनावी गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए इसे आचार संहिता की भावना के विपरीत बताया।
भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में नगर निकाय चुनाव औपचारिक रूप से दलगत चुनाव चिह्न पर नहीं लड़ा गया, लेकिन भाजपा, झामुमो, कांग्रेस, वाम दल और राजद सहित सभी राजनीतिक दलों ने अनौपचारिक रूप से अपनी-अपनी भूमिका निभाई। हालांकि, उनके अनुसार सबसे अधिक सक्रियता भाजपा की ओर से देखने को मिली।
झामुमो नेता ने आरोप लगाया कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह में प्रचार के अंतिम दिन अपने समर्थकों के साथ होटल में भोजन कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार थमने और धारा 144 लागू होने के बावजूद बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ इस तरह का आयोजन करना चुनाव आचार संहिता की भावना के विपरीत है और इससे चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की गई।
भट्टाचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के मेदिनीनगर में दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने से पहले ही जीत का दावा करना और प्रचार के दौरान भ्रामक व आपत्तिजनक टिप्पणियां करना भाजपा की हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का यह दावा कि वह शहरी मतदाताओं का प्रतिनिधित्व करती है, इस बार चुनाव प्रचार के दौरान कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने शहरी मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने और लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव शहरी विकास, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों का चुनाव है, इसलिए जनता को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की जागरूकता और सहभागिता से ही संभव है। झामुमो नेता ने सभी शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar