संगठन की मजबूती के लिए झामुमो उतरा असम के चुनावी मैदान में : सुप्रियो
रांची, 23 मार्च (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने असम विधानसभा चुनाव 2026 में प्रत्याशी देकर भाजपा का समर्थन करने और झामुमो को भाजपा की बी टीम कहे जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि असम चुनाव के जरिए झामुमो अपनी उपस्थिति दर्ज करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि झामुमाे चुनावी मैदान में उतर कर पार्टी अपने संगठन को मजबूती देना चाहती है। इससे पार्टी का विस्तार करने में भी मदद मिलेगी। भट्टाचार्य सोमवार को मोर्चा के प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
माैके पर उन्होंने कांग्रेस से अपील किया कि जिन सीटों पर झामुमो चुनाव लड़ रहा है, वहां पार्टी उम्मीदवार न उतारे, हालांकि उन्हाेंने यह भी कहा कि कांग्रेस अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि असम में झामुमो ने 21 सीटों पर नामांकन किया है और वहां भाजपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ चुनाव लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में गठबंधन मजबूत है और चुनाव तक बना रहेगा। उन्हाेंने बंगाल में चुनाव नहीं लड़ने के फैसले को रणनीतिक बताया।
भट्टाचार्य ने देश की वर्तमान स्थिति, वैश्विक संकट और चुनावी राजनीति को लेकर भी कई सवाल उठाए। उन्हाेंने केंद्र से सवालिया लहजे में कहा कि भारत की स्थिति, ऊर्जा, पेट्रोलियम, खाद और विदेशों में फंसे भारतीयों को लेकर सरकार की क्या योजना है। वहां पहले ही शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए थे, ऐसे में इसे बड़ी उपलब्धि नहीं कहा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar