घुसपैठ पर की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करें केंद्रीय एजेंसियां : विनोद
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के राज्य सरकार पर लगाए आरोपों पर झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने पलटवार किया है। उन्होंने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा को झारखंड पर आरोप लगाने से पहले यह बताना चाहिए कि घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्र सरकार और उसकी एजेंसियों की अब तक कितनी कार्रवाई की गई है इसका विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।
विनोद पांडेय ने कहा कि यदि घुसपैठ रोकना ही एसआईआर का उद्देश्य है तो भाजपा बताए कि बिहार और पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान कितने बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने एसआईआर के दौरान गैर-भाजपा मतदाताओं को लेकर उठ रहे सवालों का भी भाजपा से जवाब मांगा।
झामुमो महासचिव ने कहा कि हिन्दू-मुस्लिम को लड़ाकर भारत समृद्ध नहीं बनेगा। देश को जोड़ने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा से झारखंड के खनिज संसाधनों, डीएमएफटी और राज्य के अधिकारों पर अपना स्पष्ट रुख बताने की मांग की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास और 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया है। युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा से केंद्र सरकार के रोजगार संबंधी वादों का हिसाब देने को कहा। साथ ही घुसपैठ के ठोस प्रमाण होने पर संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को उपलब्ध कराने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar