झामुमो ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कार्यकर्ताओं को किया सतर्क

 


रांची, 26 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा की रांची जिला समिति की ओर से मंगलवार को कांके स्थित मेडास बैंक्वेट हॉल में मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक मजबूती और मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि वर्ष 2026 में राज्यसभा चुनाव होने वाला है और ऐसे समय में सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क एवं सक्रिय रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष को कमजोर करने की राजनीति कर रही है, इसलिए चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को भी सजग रहना होगा।

महुआ माजी ने कहा कि इंडी गठबंधन के मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयासों पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। उन्होंने वर्तमान में चल रही मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से न कटे, यह सुनिश्चित करना पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे झामुमो जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने कहा कि रांची जिले की सभी पंचायत और बूथ समितियों को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार जिले के सभी 18 प्रखंडों में बैठकें आयोजित कर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में जिला, महानगर और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की भूमिका, मतदाता सूची पुनरीक्षण, संगठन विस्तार तथा आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

बैठक में मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद महुआ माजी, जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम, पवन जेडीया, अश्विनी शर्मा, हेमलाल मेहता, समनूर मंसूरी, जयवंत तिग्गा, नयनतारा उरांव, धर्मेंद्र सिंह, झब्बूलाल महतो, सोनू मुंडा सहित विभिन्न प्रखंडों से आए कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।-------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar