जेएलकेएम के निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर का उद्घाटन
देवघर, 02 अगस्त (हि.स.)।
श्रावणी मेला के शुभ अवसर पर देवघर में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर का भव्य उद्घाटन डुमरी विधायक जयराम महतो ने किया।
उद्घाटन के बाद विधायक जयराम महतो ने बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालु बोल-बम कांवरियों के बीच फल वितरित कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए देवघर पहुंचते हैं और ऐसे समय में निःस्वार्थ भाव से उनकी सेवा करना ही सच्चा धर्म है।
उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज की सेवा करना होना चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
जेएलकेएम परिवार की ओर से संचालित इस सेवा शिविर में कांवरियों के लिए फल, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। संगठन के कार्यकर्ता पूरे समर्पण और सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हुए हैं, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद बन सके।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चन्दन वर्मा, केंद्रीय सचिव रंजीत रवानी, अमित मंडल, पूर्व प्रत्याशी अंग्रेज दास, जिला महासचिव खुशवंत प्रधान, अभिनव राऊत, पवन कुमार रवानी, अरूण मंडल, मिलन सेन, नगर अध्यक्ष संदीप यादव, पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहित राऊत, जिला सचिव रंधीर यादव, धर्मवीर राउत, विजय पोद्दार, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, प्रवक्ता अखिलेश कापरी, नगर सचिव राज कुमार सहित संगठन के जिला पदाधिकारी बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy