जेएलकेएम ने जेपीएससी अध्यक्ष का फूंका पुतला
रांची, 08 जुलाई (हि.स.)।
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14 वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से बुधवार को जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस और पदयात्रा निकाली गई।
साथ ही अल्बर्ट एक्का चौक में जेपीएससी अध्यक्ष का पुतला दहन कर परीक्षा प्रक्रिया के खिलाफ विरोध दर्ज किया गया और परीक्षा रद्द करने की मांग की।
मौके पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में छात्रों, अभिभावकों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी अध्यक्ष मुर्दाबाद, छात्रों के साथ अन्याय बंद करो जैसे नारे लगाए।
वहीं सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्रनाथ महतो ने आरोप लगाया कि 14 वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में व्यापक स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की आपत्तियों का समाधान किए बिना आयोग मात्र 16 दिनों के भीतर मुख्य परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है, जो लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है।
उन्होंने मांग की कि प्रारंभिक परीक्षा की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक मुख्य परीक्षा स्थगित की जाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य मंगलवार को राज्यपाल को सौंपे गए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष गुणा भगत, पार्वती कुमारी, खलील खान, अयूब अली, रेहान अंसारी, अनुज सिंह, मनीष साहू, गजेंद्र महतो, श्रवण कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar