सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी को लेकर जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो ने जताई नाराजगी
रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में जारी राजनीतिक हलचल के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) से जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि उनके आधिकारिक फेसबुक अकाउंट की प्रोफाइल एडिट कर पदनाम और अन्य विवरण गलत एवं मनगढ़ंत तरीके से प्रस्तुत किए गए हैं।
भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में महतो ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके अकाउंट से संबंधित वायरल की जा रही जानकारी का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह जेएलकेएम के सिपाही हैं और संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो से लगातार बातचीत हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देश पर ही पूरे राज्य में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा संचालित की जा रही है।
महतो ने आरोप लगाया कि संगठन के बढ़ते जनाधार से विरोधी घबराए हुए हैं और इसी कारण सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं और सोशल मीडिया प्रचार से संगठन की एकता प्रभावित नहीं होगी। कार्यकर्ताओं की एकजुटता बरकरार रहेगी और संगठन अपने निर्धारित कार्यक्रमों को आगे भी मजबूती से जारी रखेगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar